विशेष उपायों को करने प्राप्त होगी प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की असीम कृपा
नई दिल्ली, संवाददाता : सनातन परंपरा और वैदिक ज्योतिष शास्त्र में जीवन को सुखी, समृद्ध और बाधा मुक्त बनाने के लिए कई अचूक उपाय बताए गए हैं। इन्हीं में से एक बेहद प्रभावशाली उपाय है—बुधवार के दिन भगवान गणेश को लाल गुड़हल का फूल अर्पित करना। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुड़हल के फूल से जुड़े विशेष उपायों को करने से न केवल प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की असीम कृपा प्राप्त होती है, बल्कि कुंडली में ‘बुध ग्रह’ की स्थिति भी बेहद मजबूत होती है। आइए जानते हैं बुधवार के दिन इस एक फूल के चमत्कारी लाभ और सही उपाय।
भगवान गणेश को क्यों प्रिय है ये फूल
सनातन धर्म में लाल रंग को ऊर्जा, उत्साह, शक्ति और शुभता का प्रतीक माना गया है। ज्योतिषविदों के अनुसार, गुड़हल का गाढ़ा लाल फूल भगवान गणेश को अत्यंत प्रिय है। ऐसी मान्यता है कि बुधवार की पूजा में यदि बप्पा को यह फूल चढ़ाया जाए, तो वे अपने भक्तों से अति शीघ्र प्रसन्न होकर उनके सभी संकट (विघ्न) हर लेते हैं।
बुधवार के विशेष उपाय :
1. बुध ग्रह को मिलेगी मजबूती
ज्योतिष शास्त्र में बुध ग्रह को बुद्धि, वाणी, तर्क क्षमता, व्यापार और करियर का कारक माना गया है। बुधवार के दिन बप्पा को गुड़हल का फूल चढ़ाने से बुध ग्रह का अशुभ प्रभाव दूर होता है। इससे व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होती है और कार्यकुशलता में सुधार आता है।
2. करियर और बिजनेस में तरक्की का उपाय
यदि आपकी नौकरी, प्रमोशन या बिजनेस में बार-बार रुकावटें आ रही हैं, तो बुधवार के दिन किसी भी गणेश मंदिर जाएं। वहां बप्पा को 11 या 21 ताजे लाल गुड़हल के फूल अर्पित करें। फूल चढ़ाते समय ‘ॐ गं गणपतये नमः’ मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करें। माना जाता है कि इससे कार्यक्षेत्र की सभी बाधाएं धीरे-धीरे समाप्त हो जाती हैं।
3. आर्थिक तंगी और कर्ज से मुक्ति के लिए
जो लोग लंबे समय से आर्थिक तंगी या कर्ज के बोझ से परेशान हैं, वे बुधवार के दिन भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की संयुक्त (एक साथ) पूजा करें। दोनों को लाल गुड़हल का फूल अर्पित करें। पूजा संपन्न होने के बाद, उस सिद्ध फूल को अपने धन रखने वाले स्थान या तिजोरी में रख दें। इससे बरकत बनी रहती है।
4. आत्मविश्वास और मान-सम्मान में वृद्धि
यदि आपको आत्मविश्वास की कमी महसूस होती है या सरकारी कार्यों में बाधा आ रही है, तो बुधवार की सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देते समय जल के पात्र में एक लाल गुड़हल का फूल डाल लें। ऐसा नियमित करने से व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव आता है और समाज में मान-सम्मान बढ़ता है।
पूजा के दौरान इन बातों का विशेष रखें ध्यान
बप्पा की पूजा में हमेशा पूरी तरह खिले हुए और ताजे फूलों का ही उपयोग करें। मुरझाए या जमीन पर गिरे फूल चढ़ाने से बचें। बुधवार के दिन पूजा के साथ-साथ हरी मूंग दाल, हरे वस्त्र या अन्य हरी वस्तुओं का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। इससे उपायों का फल कई गुना बढ़ जाता है।





















