री-एग्जाम का बढ़ा हुआ दबाव बना वजह
मुंबई,संवाददाता : देश में नीट परीक्षा को लेकर चल रहे विवादों और पेपर लीक के मानसिक तनाव के बीच महाराष्ट्र के हिंगोली से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक 18 वर्षीय नीट अभ्यर्थी सुशील ढागे ने मोबाइल पर 33 सेकंड का एक बेहद भावुक वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। बुधवार को कदम उठाने से ठीक पहले सुशील ने यह वीडियो अपने परिवार को भेजा था, जिसमें वह रोते हुए अपनी मां से माफी मांग रहा है।
‘मैं बहुत दर्द में हूं मां’— आखिरी वीडियो
सुशील ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपने फोन में जो आखिरी संदेश रिकॉर्ड किया, उसमें उसका मानसिक दर्द साफ झलक रहा था। हाथ जोड़कर और रोते हुए उसने कहा: “मां, आज मैं अपनी जान लेने जा रहा हूं। मां, प्लीज तुम बिल्कुल भी चिंता मत करना। अगले जन्म में, मैं फिर से तुम्हारी ही कोख से पैदा होऊंगा और तुम्हें इस तरह का दुख कभी नहीं दूंगा। बस मुझे माफ कर देना मां। सुमेध (भाई) के साथ रहना मां, अपना अच्छे से ख्याल रखना और मेरी चिंता मत करना। मैं बहुत गहरे दर्द में हूं, मैं कुछ नहीं कर पा रहा हूं… मुझे अब कुछ समझ नहीं आ रहा है। बस मुझे माफ कर देना मां।”
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सुशील के परिवार ने बताया कि वह परीक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से भारी मानसिक तनाव में था। 3 मई को हुई मुख्य परीक्षा के रद्द होने के बाद जब 21 जून को दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) आयोजित की गई, तो सुशील को वह पेपर बेहद मुश्किल लगा। री-एग्जाम देने के बाद से ही सुशील इस बात को लेकर गहरे अवसाद में चला गया था कि कठिन पेपर के कारण इस बार भी उसका सिलेक्शन नहीं हो पाएगा।





















