राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मुख्यमंत्री ने दी शुभकामना
लखनऊ, संवाददाता : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें देशभर से समर्थकों, नेताओं और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयां मिल रही हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, आरोग्यता और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना है।” राजनीतिक मतभेदों के बावजूद जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से दी गई शुभकामना को राजनीतिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक परंपरा का उदाहरण माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाल ही में 5 जून को अपना 55वां जन्मदिन मनाया था।
सपा की कमान और आगामी चुनाव की चुनौती
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद पार्टी की पूरी जिम्मेदारी अखिलेश यादव के कंधों पर है। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक बार फिर उनकी रणनीति और नेतृत्व पर सभी की नजरें टिकी हैं। पार्टी को सत्ता में वापसी दिलाना उनके सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती मानी जा रही है।
सबसे युवा मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड
साल 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बहुमत हासिल कर तत्कालीन बसपा सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया था। इसके बाद मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया। महज 38 वर्ष की आयु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर उन्होंने उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने वर्ष 2012 से 2017 तक प्रदेश की कमान संभाली।
ऐसे शुरू हुआ राजनीतिक सफर
1 जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई गांव में जन्मे अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और मालती देवी के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सैफई और इटावा में हुई। इसके बाद उन्होंने राजस्थान के धौलपुर मिलिट्री स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और कर्नाटक की मैसूर यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक किया। अखिलेश यादव ने वर्ष 2000 में कन्नौज लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने लगातार संगठन और चुनावी राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। आज अपने 53वें जन्मदिन पर अखिलेश यादव को देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी भूमिका पर भी चर्चा तेज हो गई है।























