बेकाबू बस ने कार को मारी टक्कर
उन्नाव, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ क्षेत्र में सुबह करीब 4:30 बजे एक स्लीपर बस और अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार चार यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पहले आगे चल रही अर्टिगा कार से टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में पांच लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में कार सवार दिव्या (6), अमृता (13), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।
बस में सवार थे 70 यात्री
बांगरमऊ क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्ष मोदी ने बताया कि बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जबकि अर्टिगा कार में नौ लोग मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को संभवतः झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. यह हादसा एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक की सतर्कता और पर्याप्त आराम की आवश्यकता को रेखांकित करता है।






















