चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल किया रेफर
बाराबंकी,संवाददाता : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से गोरखपुर जा रहा ट्रेलर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी-29 पर ककरी गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पलट गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
दुर्घटना में ट्रेलर चालक शेर आलम (30), निवासी जनपद बदायूं, और क्लीनर फुरकान (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर यूपीडा कर्मी राजकुमार सिंह और रमेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद यूपीडा की टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाकर यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
























