तलाश के दौरान प्लेटफॉर्म पर एक सीट पर रखा मिला बैग
बाराबंकी, संवाददाता : जीआरपी थाना बाराबंकी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक महिला यात्री का रेलवे स्टेशन पर छूटा हैंडबैग सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। बैग में सोने के आभूषण और नकदी सहित करीब चार लाख रुपये का कीमती सामान रखा था।
जीआरपी के अनुसार, 3 जुलाई की रात रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना प्राप्त हुई कि मुंबई निवासी एक यात्री की पत्नी का गुलाबी रंग का हैंडबैग बाराबंकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर छूट गया है। दंपती आगरा जाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन में सवार हो गए थे, जिसके कारण बैग प्लेटफॉर्म पर ही रह गया।
सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार यादव और कांस्टेबल ओमकार सिंह मौके पर पहुंचे। तलाश के दौरान बैग प्लेटफॉर्म पर एक सीट पर सुरक्षित रखा मिला। पुलिसकर्मियों ने बैग को अपने कब्जे में लेकर जीआरपी थाने में सुरक्षित रखवा दिया। कुछ समय बाद यात्री बरकत अली अपनी पत्नी के साथ जीआरपी थाने पहुंचे। पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद बैग में रखी दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की बालियां तथा 65 हजार रुपये नकद सहित पूरा सामान दंपती को सुपुर्द कर सुपुर्दगीनामा तैयार किया गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर दंपती ने जीआरपी बाराबंकी की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
























