घटना से मंडी में मची अफरा-तफरी
मथुरा, संवाददाता : थाना हाईवे क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार को दो फल विक्रेताओं के बीच मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना से मंडी में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहकों व दुकानदारों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जो कुछ ही देर में लात-घूंसों और फिर लाठी-डंडों व कुर्सियों से हमले तक पहुंच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। काफी देर तक मंडी में हंगामा चलता रहा। इस मारपीट में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हाईवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
घटना के दौरान मंडी में मौजूद कुछ लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। शुक्रवार शाम को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कुर्सियों और डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से लिखित तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मथुरा पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा है कि थाना हाईवे प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
























