पुलिस को देख दूल्हा और बाराती हुए रफूचक्कर
अलीगढ़,संवाददाता : जिले के छर्रा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां उस वक्त मातम और हंगामे में बदल गईं जब दूल्हे ने कथित तौर पर दहेज कम मिलने से नाराज होकर सरेआम तलवार लहराना शुरू कर दिया। दूल्हे की इस हिंसक हरकत से आहत होकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
शादी की रात करीब 1 बजे अचानक बिगड़ी बात
जानकारी के मुताबिक, छर्रा के सांकरा रोड स्थित मोहल्ला दुर्जनपुरी निवासी गजेंद्र सिंह ने अपनी बेटी पूजा की शादी पाली मुकीमपुर के गांव रायपुर खास नगला बंजारा निवासी जयवीर सिंह (पुत्र मुकुट सिंह) के साथ तय की थी। सोमवार की रात को बड़ी धूमधाम से बारात आई थी। बताया जा रहा है कि शादी की रस्में चल ही रही थीं कि रात करीब एक बजे दूल्हे के बहनोई ने अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी। लड़की पक्ष द्वारा असमर्थता जताने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर दूल्हे जयवीर सिंह ने अपनी कमर में बंधी तलवार निकाल ली और उसे हवा में लहराते हुए लड़की पक्ष को डराना शुरू कर दिया। इस अफरातफरी के बीच दुल्हन का भाई मनवीर सिंह घायल हो गया।
माहौल बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, दूल्हा और उसके बाराती मौका पाकर वहां से फरार हो गए। दुल्हन के पिता गजेंद्र सिंह ने आपबीती सुनाते हुए कहा: “हमने अपनी हैसियत के मुताबिक करीब 3.50 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और घर का सारा सामान दिया था। इसके बावजूद ऐन वक्त पर अतिरिक्त पैसों और सामान की मांग की गई और मना करने पर तलवार से हमला किया गया।” दूल्हे की इस करतूत के बाद दुल्हन पूजा ने हिम्मत दिखाई और ऐसे लालची परिवार में जाने से साफ मना करते हुए शादी तोड़ दी।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले को लेकर थाना छर्रा पुलिस का कहना है कि उन्हें दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शादी में हथियार लहराने और मारपीट करने के मामले में साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग दूल्हे की इस हरकत की थू-थू कर रहे हैं, वहीं बिना डरे लालची दूल्हे को बैरंग लौटाने और शादी से इनकार करने के दुल्हन के फैसले की हर तरफ सराहना हो रही है।






















