पश्चिमी और मध्य यूपी में ‘येलो अलर्ट’: गरज-चमक के साथ बौछारें
लखनऊ,संवाददाता: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिलने के बाद अब भारी बारिश का अंदेशा है। राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने अगले 72 घंटों को राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील बताया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 10, 11 और 12 जुलाई के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 115 मिमी से 204 मिमी तक वर्षा दर्ज होने का अनुमान है, जिससे जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
इन जिलों में है अत्यधिक भारी बारिश का खतरा:
वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, चंदौली, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, महाराजगंज, सुल्तानपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और गोंडा इन जिलों में 10 और 11 जुलाई को स्थिति गंभीर रह सकती है, जबकि 12 जुलाई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। नोएडा और लखनऊ सहित पश्चिमी व मध्य यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश का अनुमान है। यहाँ 64 मिमी से 115 मिमी तक बारिश दर्ज की जा सकती है।
येलो अलर्ट वाले मुख्य जिले:
नोएडा (गौतमबुद्ध नगर), गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी।, बरेली, पीलीभीत, शाहजैसापुर, झांसी और ललितपुर।
यहाँ हल्की बारिश लेकिन बिजली गिरने का खतरा
कुछ जिलों में मानसून की रफ़्तार थोड़ी धीमी रहेगी, लेकिन आकाशीय बिजली का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम में खुले में न निकलने की सलाह दी है। आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट। इन इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी। अत्यधिक भारी बारिश वाले क्षेत्रों के निवासी जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
























