बोले,अखिलेश यादव से हाथ मिलाने पर वसूले जाते हैं पैसे
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि अखिलेश यादव से मिलने, फोटो खिंचवाने और हाथ मिलाने तक के लिए कथित तौर पर पैसे वसूले जाते हैं।
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ सपा कार्यकर्ता उनसे मिलने आए थे और उन्होंने शिकायत की कि अखिलेश यादव के करीबी लोगों द्वारा उनसे मुलाकात और फोटो के नाम पर पैसे लिए जाते हैं। राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की संपत्ति में 900 गुना वृद्धि हुई है और इसके बावजूद कार्यकर्ताओं से कथित रूप से वसूली की जा रही है। अपने पोस्ट में उन्होंने अखिलेश यादव से इस कथित व्यवस्था को बंद कराने की अपील करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो इससे पार्टी को राजनीतिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्यकर्ताओं में इसको लेकर नाराजगी है। गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं।
























