धान की रोपाई कर लौट रही थीं महिला
संवाददाता,महराजगंज : रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। धान की रोपाई कर घर लौट रही महिला मजदूरों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में आधा दर्जन से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया।

काम खत्म कर घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोथी गांव में धान की रोपाई का कार्य पूरा करने के बाद पूरे ज्वाला मजरे चंदापुर गांव की महिला मजदूर टेंपो में सवार होकर अपने घर वापस लौट रही थीं। अभी उनका वाहन नवोदय चौराहे स्थित एसजेएस स्कूल के पास पहुंचा ही था कि अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया।
चीख-पुकार के बीच देवदूत बने राहगीर
टेंपो पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में किसी महिला के हाथ, किसी के पैर, तो किसी के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने तुरंत टेंपो के नीचे दबी और अंदर फंसी महिलाओं को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज पहुंचाया।
हादसे में ये महिलाएं हुईं घायल
चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों का सीएचसी महराजगंज में उपचार किया जा रहा है। हादसे का शिकार हुईं घायल महिलाओं में मुख्य रूप से निम्नलिखित शामिल हैं: कमलेश कुमारी, महादेई, मान्शी, कामिनी, मिथिलेश, मोहिनी, रामरानी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले की जानकारी देते हुए महराजगंज कोतवाली के प्रभारी जगदीश यादव ने बताया: “पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है और घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है। इस संबंध में जैसे ही पीड़ित पक्ष या परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होती है, नियमों के तहत आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”























