मारपीट के बाद दोबारा लौटे बदमाश
लखनऊ, संवाददाता : राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पत्रकारपुरम चौराहे के पास सोमवार शाम मारपीट के बाद हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। मनीष ईटिंग प्वाइंट पर हुए विवाद के दौरान चली गोली से वहां कार्यरत रसोइया अखिलेश घायल हो गया। गोली उसकी पीठ में लगी है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 7 बजे की है। अंकित राठौर अपने साथी राम मोहन दीक्षित के साथ चाय की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रणव शुक्ला, अभय प्रताप सिंह, विष्णु स्वरूप द्विवेदी और उनके 6-7 साथी वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर अधिकांश आरोपी फरार हो गए, जबकि प्रणव शुक्ला को मौके से हिरासत में ले लिया गया। मारपीट में प्रणव शुक्ला और राम मोहन दीक्षित भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान ही अभय प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और बाइक से जाते समय फायरिंग कर दी। इस दौरान मनीष ईटिंग प्वाइंट में काम कर रहे रसोइया अखिलेश की पीठ में गोली लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ युवकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर ली जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।























