मिनी ट्रैक्टर बनाने में लगा तीन माह का समय आया लगभग 60 हजार रुपए का खर्च
भरतपुर,संवाददाता : शहर के सारस चौराहा निवासी धनंजय चौधरी उर्फ लकी, जो कि 9वीं कक्षा के छात्र हैं, ने अपनी प्रतिभा से सबको चौंका दिया है। लकी ने कबाड़ और बाइक के पुराने पुर्जों से एक मिनी ट्रैक्टर तैयार किया है, जो सड़क पर करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ता है। जब यह छोटा ट्रैक्टर सड़कों पर गुजरता है तो लोग रुककर इसे देखने लगते हैं। कोई सेल्फी लेता है, तो कोई वीडियो बनाता है। हर कोई लकी की इस तकनीकी समझ और मेहनत की सराहना करता है।
लकी ने बताया कि इस मिनी ट्रैक्टर को बनाने में करीब तीन माह का समय लगा और लगभग 60 हजार रुपए का खर्च आया। इसमें बाइक का इंजन और पहिए लगाए गए हैं। खास बात यह है कि यह ट्रैक्टर न केवल चलता है, बल्कि 10 से 12 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज भी देता है। यह पहला मौका नहीं है जब लकी ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया हो। नगर निगम द्वारा आयोजित एक प्रतियोगिता में उन्होंने वैक्यूम क्लीनर बनाकर पहला स्थान हासिल किया था। इससे पहले वह मिनी जेसीबी और ट्रैक्टर के मॉडल भी बना चुके हैं। लकी का सपना है कि वह बड़ा इंजीनियर बने और अपनी तकनीकी प्रतिभा को और आगे बढ़ाए। परिवार भी लकी के इस हुनर पर गर्व महसूस कर रहा है।


















