मौत के बाद गांव में तनाव, हिरासत में कुछ लोग
रायबरेली,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया। ननद और भाभी के बीच हुई आपसी मारपीट की शिकायत दर्ज कराने जा रहे एक बुजुर्ग पर उनकी बहू के मायके पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस वारदात के बाद से गांव में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ननद-भाभी के विवाद से शुरू हुआ मामला
घटना कोतवाली क्षेत्र के बसुवई मजरे कमालपुर गांव की है। मंगलवार को गांव के निवासी रामदीन (51 वर्ष) की बहू नीलम और उनकी बेटी शिवानी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें रामदीन की बेटी शिवानी घायल हो गई। बेटी के साथ हुई इस मारपीट की शिकायत दर्ज कराने के लिए रामदीन उसे साथ लेकर ऊंचाहार कोतवाली जा रहे थे। इसी बीच बहू नीलम ने अपने मायके वालों को फोन पर घटना की जानकारी दे दी।
रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा
परिजनों का आरोप है कि जब रामदीन कोतवाली जा रहे थे, तभी मनीरामपुर पुल के पास बहू नीलम का भाई अपने चार अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां आ धमका। इन लोगों ने रामदीन को रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में रामदीन को गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह जैसे ही रामदीन की मौत की खबर बसुवई मजरे कमालपुर गांव पहुंची, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
क्या कहती है पुलिस
ऊंचाहार के कोतवाल ओपी राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मारपीट में घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर उचित कानूनी (विधिक) कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
























