महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के पहले संयुक्त सम्मेलन में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के निडर होकर कार्रवाई करें और कानून के दायरे में रहते हुए बड़े से बड़े तथा प्रभावशाली आरोपियों के खिलाफ भी निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अधिकारियों को पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। उन्होंने नशीली दवाओं की तस्करी, अवैध रेत खनन और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीएम विजय ने अधिकारियों से कहा कि केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय उसके मूल कारणों की पहचान कर उन्हें खत्म करने की रणनीति अपनाई जाए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण करने और ड्रग्स से जुड़े मामलों में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर जोर देते हुए कहा कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने और पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली तथा सार्वजनिक परिवहन जैसी बुनियादी सेवाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों से जुड़े हिंसक अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय भूमि विवाद समाधान समितियों के गठन की भी घोषणा की, ताकि ऐसे मामलों का समयबद्ध और शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





















