हत्या की जांच के बहाने हिरासत में लेकर मारपीट और अश्लील हरकतें कराने का आरोप
बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अमृताहल्ली थाने से जुड़े पुलिस सब-इंस्पेक्टर प्रवीण को नाबालिग लड़कों के साथ कथित यौन उत्पीड़न और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, 2012 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुछ महीने पहले अमृताहल्ली क्षेत्र में दर्ज एक हत्या के मामले की जांच के दौरान प्रवीण ने कुछ नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया। आरोप है कि उन्हें एक निजी स्थान पर ले जाकर बेल्ट से पीटा गया, कपड़े उतरवाए गए और उनसे अशोभनीय हरकतें कराई गईं। इन घटनाओं का वीडियो आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड भी किया। बताया जा रहा है कि हाल ही में यह वीडियो लीक होकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कोथनूर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। एफआईआर के आधार पर सोमवार शाम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई।
मैसुरु में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप
उधर, कर्नाटक के मैसुरु में 50 वर्षीय नित्यानंद की कथित तौर पर उनकी पत्नी सुशीला ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात कुवेम्पुनगर इलाके में हुई। आरोप है कि नित्यानंद के नशे की हालत में घर लौटकर सो जाने के बाद उनकी पत्नी ने रस्सी से गला घोंट दिया और शुरुआती तौर पर मौत को हृदयाघात बताकर मामला छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















