शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
हापुड़, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक विवाहित महिला ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि एक युवक ने शादी से पहले अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए, उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो तैयार किए, और अब पिछले कई सालों से उन्हीं के दम पर उसे ब्लैकमेल करते हुए धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है।
हिंदू नाम बताकर बनाई थी दूरी
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी रेलवे विभाग में कार्यरत है और फिलहाल इंद्रागढ़ी रेलवे फाटक पर तैनात है। महिला का कहना है कि आरोपी ने शुरुआत में खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की थी और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी और उसके एक साथी ने कथित तौर पर महिला की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। महिला ने बताया कि जब उसे पता चला कि युवक दूसरे समुदाय (मुस्लिम) से ताल्लुक रखता है, तो उसने तुरंत उससे दूरी बना ली और सभी संबंध खत्म कर दिए। इसके बाद महिला की शादी हो गई और वह पिछले 6 सालों से अपने पति और बच्चों के साथ रह रही है। लेकिन आरोपी और उसका साथी पुरानी तस्वीरों के सहारे उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।
पति को दिखाए वीडियो
मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपी ने महिला के पति को वे पुराने वीडियो दिखा दिए, जिससे परिवार में विवाद बढ़ गया। एसपी कार्यालय के बाहर मीडिया से बात करते हुए पीड़िता ने आरोप लगाया: “जब मेरे पति ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें रेलवे फाटक स्थित अपने क्वार्टर पर बुलाया। वहाँ मेरे पति के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई।”
धर्म परिवर्तन और अपहरण की धमकी
शिकायत पत्र के मुताबिक, आरोपी अब महिला पर अपने पति को छोड़ने और हिंदू धर्म त्यागकर मुस्लिम धर्म अपनाने का लगातार दबाव बना रहा है। बात न मानने पर पीड़िता को जातिसूचक शब्द कहने, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने और अपहरण करने की धमकियां दी जा रही हैं। इस लगातार मिल रहे मानसिक तनाव और धमकियों के कारण पूरा परिवार लंबे समय से खौफ के साए में जीने को मजबूर है। महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
























