केले के पेड़ की करें पूजा होगी सौभाग्य में वृद्धि
नई दिल्ली, संवाददाता : सनातन धर्म में गुरुवार का दिन देवगुरु बृहस्पति और जगत के पालनहार भगवान विष्णु को समर्पित है। ज्योतिष शास्त्र में मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा और कुछ विशेष उपाय करने से कुंडली में गुरु ग्रह मजबूत होता है। गुरु के अनुकूल होने से जीवन में सुख-समृद्धि, मान-सम्मान और धन-दौलत की कभी कमी नहीं होती। यदि आप भी नौकरी, व्यापार या करियर में रुकावटों का सामना कर रहे हैं, तो गुरुवार के दिन ये आसान और असरदार उपाय आपकी किस्मत बदल सकते हैं।
पीले रंग का महत्व और केले के पेड़ की पूजा
गुरुवार के दिन पीले रंग का विशेष महत्व है। इस दिन सुबह स्नान के बाद पीले रंग के वस्त्र धारण करें और भगवान विष्णु की पूजा करें। केले के पेड़ की पूजा करें और उसकी जड़ में चने की दाल और गुड़ अर्पित करें। घर के मंदिर में देसी घी के 5 दीपक जलाकर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की आराधना करें, इससे सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है।
नौकरी और करियर में सफलता के सूत्र
अगर काफी प्रयासों के बाद भी करियर में रुकावटें आ रही हैं या मनचाही नौकरी नहीं मिल रही है, तो यह उपाय आज़माएं: अपने पूजा स्थान पर हल्दी की माला रखें। घर से बाहर निकलते समय माथे पर हल्दी का छोटा सा तिलक लगाएं। चने की दाल और गुड़ को घर के मुख्य द्वार के दोनों ओर रखें, इससे नकारात्मकता दूर होती है।
यदि आपका व्यापार मंदा चल रहा है या काम में लगातार बाधाएं आ रही हैं: गुरुवार को विष्णु जी को चंदन का तिलक लगाएं और चंदन की सुगंध वाली धूप जलाएं। इसके बाद आंखें बंद करके अपने कारोबार की सफलता और विस्तार के लिए भगवान से प्रार्थना करें। गुरुवार को सुबह स्नान के बाद विष्णु जी और मां लक्ष्मी को पीले फूल, केले, दाल और गुड़ का भोग लगाएं। इसके बाद विष्णु सहस्रनाम का पाठ अवश्य करें। ध्यान रहे, इस दिन धन के लेन-देन (उधार देने या लेने) से बचना चाहिए।
प्रमोशन और वेतन वृद्धि के लिए महाउपाय
नौकरी में प्रमोशन, सैलरी बढ़ने या रोजगार से जुड़ी अन्य परेशानियों को दूर करने के लिए ज्योतिष में एक अचूक उपाय बताया गया है: एक पीले कपड़े में पीले फूल, नारियल, पीले फल, हल्दी और नमक बांधकर एक पोटली बना लें। इस पोटली को किसी भी विष्णु मंदिर की सीढ़ियों पर चुपचाप रख आएं। मान्यता है कि इससे तरक्की के बंद रास्ते खुल जाते हैं। गुरुवार के दिन सुबह नहाने के पानी में एक चुटकी हल्दी मिलाकर स्नान करें। स्नान करते समय ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का निरंतर जाप करें। इससे शरीर और मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
यदि कोई गुप्त या प्रत्यक्ष शत्रु आपको परेशान कर रहा है, तो पीले कपड़े पर हल्दी से उसका नाम लिखकर भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित कर दें। एक पीले कपड़े को अपनी संतान के हाथों से स्पर्श कराएं, फिर उसे भगवान विष्णु को अर्पित कर दें। इसके बाद ‘ॐ ऐं क्लीं बृहस्पतये नमः’ मंत्र का 11 बार जाप करें।
























