20 करोड़ का सोना-चांदी और ₹1.62 करोड़ कैश

लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विजिलेंस टीम ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। परिवहन विभाग के एक रिटायर्ड अधिकारी के ठिकानों पर की गई इस छापेमारी ने जांच अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए हैं। आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के ठिकानों से सोने-चांदी, नकदी और बेनामी संपत्तियों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ है, जिसकी कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
विजिलेंस विभाग के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज था। कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद 7 और 8 जुलाई को उनके ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। वर्तमान में अलीगंज के चंद्रलोक कॉलोनी (सेक्टर-ई) में रह रहे इस रिटायर्ड अधिकारी के घर के कोने-कोने से बेहिसाब दौलत निकली। घर में पैकेटों में छिपाकर रखे गए 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। जांच टीम को करीब 9 किलोग्राम सोना और सोने के बिस्किट मिले। इसके साथ ही 13 किलोग्राम चांदी और भारी मात्रा में हीरे व अन्य बहुमूल्य आभूषण बरामद हुए। केवल बरामद किए गए सोने, चांदी और हीरों की बाजार में कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
लखनऊ, नोएडा और रायबरेली में संपत्तियों का जाल
सर्च ऑपरेशन के दौरान आरोपी अधिकारी द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान पद का दुरुपयोग कर अर्जित की गई अचल संपत्तियों के भारी-भरकम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। लखनऊ, नोएडा और रायबरेली में फैले उनके साम्राज्य का ब्यौरा कुछ इस प्रकार है: लखनऊ में स्थित संपत्तियां: पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर (सेक्टर-B) में प्लॉट संख्या LH-143, LH-145 और चकबस्ती टोला में आवासीय भवन (532/491)।इसके अलावा बेलीगंज और वृंदावन योजना (10 LH/40) में आवासीय भूखंड। वेली अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या 3002। मोहल्ला भगवती दयाल में खसरा संख्या 1321, 1631 (दयाल पश्चिम) पर आवासीय भूखंड और ग्राम बगिया समेत अन्य जगहों पर कृषि भूमि। नोएडा में स्थित फ्लैट्स: महेश्वरी इन्क्लेव में आवासीय फ्लैट। वसुंधरा फ्लोरिंग एम्पायर में फ्लैट/क्वाटर। रायबरेली में कृषि भूमि: तहसील बछरावां के ग्राम थरियावां में विस्तृत कृषि भूमि। तहसील ऊँचाहार के ग्राम सगौता में कृषि भूमि।
महानिदेशक द्वारा पुरस्कार की घोषणा
तलाशी के दौरान संपत्तियों के अलावा दो कारें, एक रिवाल्वर और विभिन्न बैंकों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड तथा फिक्स डिपॉजिट (FD) में 1 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के कागजात भी जब्त किए गए हैं। इस बेहद सफल और बड़ी कार्रवाई को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (विजिलेंस) ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने वाली लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है। विभाग अब आरोपी की अन्य बेनामी संपत्तियों और उनके मददगारों की कड़ियों को जोड़ने में जुट गया है।






















