शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य
सीतापुर,संवाददाता : विभाग द्वारा जारी भारी बारिश और आंधी-तूफान के अलर्ट को देखते हुए सीतापुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में अत्यधिक बारिश (अतिवृष्टि) और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के चलते नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
बीएसए ने जारी किया सख्त आदेश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि यह निर्णय जिलाधिकारी के निर्देश पर लिया गया है। जिले के सभी परिषदीय, निजी मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित किया गया है। विद्यार्थियों के लिए छुट्टी रहेगी, लेकिन सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा ताकि वे पदीय व सरकारी कार्यों को पूरा कर सकें। आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर और रात में भी आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान है। अधिकतम तापमान 31.6°C और न्यूनतम तापमान 26.6°C रहने की संभावना है। पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं के कारण 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान
सीतापुर में अगले कुछ दिनों तक मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 15 जुलाई से एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ेगा: रविवार, 12 जुलाई: आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 28.3°C रहेगा। हवा 10-15 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेगी। सोमवार, 13 जुलाई: आंशिक बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। उमस बढ़ेगी, जिससे अधिकतम तापमान 36.6°C और न्यूनतम 27.7°C तक जा सकता है। मंगलवार, 14 जुलाई: तापमान 27.2°C से 33.3°C के बीच रहेगा। आसमान में बादल रहेंगे और 24% बारिश का अनुमान है।
बुधवार, 15 जुलाई: गरज-चमक के साथ 70% भारी बारिश का अनुमान है। तापमान 27.02°C से 31.6°C के बीच रहेगा। गुरुवार, 16 जुलाई: दिन में कुछ समय के लिए धूप निकल सकती है, लेकिन 60% बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान 27.27°C से 32.7°C रहेगा। शुक्रवार, 17 जुलाई: एक बार फिर गरज-चमक के साथ 65% बारिश होने का अनुमान है। तापमान 27.2°C से 32.02°C के बीच दर्ज किया जा सकता है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।






















