कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और पदाधिकारी रहे मौजूद
सुलतानपुर,संवाददाता : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (सम्बद्ध अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ) की सुलतानपुर जिला इकाई को नया नेतृत्व मिल गया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर संतोष कुमार सिंह को जिलाध्यक्ष, राहुल तिवारी को जिला महामंत्री तथा वेद प्रताप सिंह को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने एक कार्यक्रम में तीनों पदाधिकारियों को मान्यता पत्र सौंपकर उनके दायित्वों की औपचारिक घोषणा की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय द्वारा जारी मान्यता के अनुसार कम्पोजिट विद्यालय कैथापुर बेलडाड़ी (लंभुआ) के सहायक अध्यापक संतोष कुमार सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। प्राथमिक विद्यालय घाटमपुर (लंभुआ) के सहायक अध्यापक राहुल तिवारी को जिला महामंत्री तथा डीह, बल्दीराय के सहायक अध्यापक वेद प्रताप सिंह को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को और अधिक मजबूत करेगी तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और जिला महामंत्री राहुल तिवारी ने संगठन को नई ऊर्जा देने, शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, संगठन के विस्तार और बेहतर शैक्षिक वातावरण के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. अजय सिंह, संयुक्त मंत्री अनिल कुमार यादव, संतोष कुमार यादव, अकील अहमद, के.के. सिंह, आवेश विक्रम सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, बृजेश मौर्य, संदीप सिंह, अखिलेश वर्मा, अतरसेन यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
























