रात के अंधेरे में घात लगाकर बैठे थे हमलावर
संवाददाता, सुलतानपुर:चांदा कोतवाली क्षेत्र के बरनी गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रोज़ की तरह बाजार से दूध बेचकर घर लौट रहे 65 वर्षीय दूध व्यवसायी रमापति तिवारी की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची डायल-112 पुलिस ने खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत एंबुलेंस के ज़रिए अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पारिवारिक रंजिश में हत्या की साजिश
इस जघन्य हत्याकांड को लेकर मृतक की बड़ी बहू ममता तिवारी ने अपनी देवरानी और उसके बेटों पर हत्या का सीधा और गंभीर आरोप लगाया है। ममता तिवारी ने बताया कि तीन दिन पहले रमापति तिवारी का उनकी देवरानी शशि और उसके दो बेटों—शुभम व सुधांशु से किसी घरेलू बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते तीनों ने मिलकर हत्या की यह खौफनाक साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। ममता ने इस संबंध में नामजद तहरीर देकर पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही पीड़ित परिजनों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक परिवार मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेगा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रमापति तिवारी रोजाना की तरह चांदा बाजार में दूध बेचने गए थे। देर रात करीब 11 बजे जब वह काम निपटाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी गांव के नजदीक पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। एकांत और अंधेरा होने के कारण हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
शीघ्र होगी आरोपियों की गिरफ्तारी: एडिशनल एसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी बृज नारायण सिंह ने बताया कि मृतक की बड़ी बहू की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि आरोपियों की धरपकड़ और त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एडिशनल एसपी ने आश्वस्त किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत विवेचना के बाद हत्या की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
























