एपीडा और उन्नति एग्री एलाइड सहकारी समिति की पहल से हुआ पहला निर्यात
चंडीगढ़, संवाददाता : पंजाब के कृषि और सहकारिता क्षेत्र के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब होशियारपुर जिले से पहली बार 500 किलोग्राम ताजा और उच्च गुणवत्ता वाली लीची की खेप ओमान के लिए निर्यात की गई। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से हुआ यह निर्यात पंजाब की किसी सहकारी समिति द्वारा विदेश भेजी गई पहली ताजा कृषि उपज की खेप है।
यह निर्यात उन्नति एग्री एलाइड सहकारी समिति के माध्यम से किया गया। एपीडा ने विदेशी खरीदारों से संपर्क स्थापित करने, निर्यात प्रक्रिया को सुगम बनाने और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पैकेजिंग व लॉजिस्टिक सहयोग प्रदान किया। लीची की ताजगी और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संशोधित वातावरण पैकेजिंग (MAP) तकनीक का उपयोग करते हुए 1 से 5 किलोग्राम क्षमता के पैक तैयार किए गए। ओमान पहुंचने के बाद इस खेप का विपणन वहां के प्रमुख रिटेल समूह लुलु ग्रुप के जरिए किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे पंजाब की लीची को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी और किसानों के लिए निर्यात के नए अवसर खुलेंगे।
यह उपलब्धि चंडीगढ़ में एपीडा के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के तुरंत बाद हासिल हुई है। पहली खेप को एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव के मार्गदर्शन में तैयार किया गया, जबकि उत्तर भारत क्षेत्रीय प्रमुख हरप्रीत सिंह ने अधिकारियों और सहकारी समिति के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरप्रीत सिंह ने कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, निर्यात-योग्य फलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने और वैश्विक ताजा फल बाजार में भारत की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी मॉडल को भी नई मजबूती मिलेगी।























