पत्नी बोलीं—परिवार को नहीं बताई गई लोकेशन, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
वाराणसी/अयोध्या, संवाददाता : उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया है कि राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का मुद्दा उठाने अयोध्या पहुंचे उनके पति को पुलिस ने हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर रखा है और परिवार को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अजय राय के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर जारी वीडियो संदेश में रीना राय ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस द्वारा हिरासत में लेने के बाद सहयोगियों को भी भ्रामक जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्होंने अजय राय की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि उन्हें कोई नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। रीना राय के अनुसार, अजय राय कांग्रेस नेताओं के साथ राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने और चढ़ावे के कथित गबन का मुद्दा उठाने अयोध्या पहुंचे थे। वह एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां से पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर चली गई। परिवार का आरोप है कि अब तक यह नहीं बताया गया कि उन्हें कहां रखा गया है।
कांग्रेस ने भी दावा किया है कि अजय राय को अयोध्या में नजरबंद किया गया। पार्टी की पूर्व निर्धारित योजना के तहत उनके नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को राम मंदिर में दर्शन-पूजन करना था। प्रतिनिधिमंडल में सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमन सिंह और तनुज पूनिया समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले थे। अजय राय की हिरासत के बाद इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।























