मंत्रालयों के सचिव पेश करेंगे प्रगति रिपोर्ट और भविष्य का रोडमैप
नई दिल्ली, संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम सभी केंद्रीय मंत्रालयों के सचिवों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में सरकार के प्रमुख सुधार एजेंडे, ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’, ‘ईज ऑफ लिविंग’ और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने सहित प्रशासनिक सुधारों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री के सेशेल्स दौरे से लौटने के बाद आयोजित हो रही इस बैठक में सभी मंत्रालयों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के सचिव अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट, चल रही योजनाओं की स्थिति और आगामी कार्ययोजना प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। साथ ही शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए नीतिगत सुधारों तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी विचार-विमर्श होगा।
यह दो महीने से भी कम समय में प्रधानमंत्री और शीर्ष नौकरशाही के बीच दूसरी महत्वपूर्ण संस्थागत बैठक है। इससे पहले 21 मई को प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद और केंद्रीय सचिवों के साथ संयुक्त बैठक कर ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को लेकर नीतिगत और प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा की थी। उस दौरान उन्होंने निर्णय प्रक्रिया में तेजी लाने, फाइलों के त्वरित निस्तारण और संरचनात्मक सुधारों पर विशेष जोर दिया था। माना जा रहा है कि मंगलवार की बैठक में भी मंत्रालयों के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े सुधारात्मक कदमों पर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।























