₹690 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
रामपुर, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर में ₹690 करोड़ से अधिक की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास केवल “सैफई परिवार और रामपुर के एक परिवार” तक सीमित था, जबकि आम जनता विकास से वंचित रही।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, बेटियां, व्यापारी और किसान सुरक्षित नहीं थे तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सीमित थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जबकि उनकी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और विकास का नया माहौल बनाया है। मुख्यमंत्री ने धार्मिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले कांवड़ यात्रा, रामनवमी, जन्माष्टमी, होली, दीपावली और दुर्गा पूजा जैसे पर्वों में बाधाएं उत्पन्न होती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में उत्सव, सुरक्षा और विकास का वातावरण स्थापित हुआ है।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज महाकुंभ और मथुरा-वृंदावन के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इन परियोजनाओं से असहज है क्योंकि प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने रामपुर की पारंपरिक पहचान रहे चाकू उद्योग को सुरक्षा और विकास का प्रतीक बनाया है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों पर उन्होंने इसके दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास ही डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।























