यात्रा के दौरान जनसमूह के बीच की टिप्पणी
रायबरेली, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के शिवगढ़ में आयोजित ‘गोविष्ठ गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या के राम मंदिर को लेकर एक बड़ा और विवादित बयान दिया है। शिवगढ़ नगर पंचायत के भवानीगढ़ गोल चौराहे पर आयोजित स्वागत समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी राम मंदिर का निर्माण पूरा नहीं हुआ है, बल्कि वह राजनीतिक दलों का केंद्र बन चुका है।
राम मंदिर पर शंकराचार्य का बड़ा बयान
“अभी राम मंदिर नहीं बना है। अभी तो वह आरएसएस और भाजपा का कार्यालय है। कोई किसी के कार्यालय में क्यों जाएगा। जब वह राम मंदिर बन जाएगा, तब वहां दर्शन करने जाएंगे।” यह टिप्पणी उन्होंने यात्रा के दौरान भवानीगढ़ गोल चौराहे पर उनके स्वागत में जुटे जनसमूह के बीच की। शंकराचार्य ने बताया कि यह यात्रा गौ माता के प्राण और प्रतिष्ठा की रक्षा के उद्देश्य से निकाली गई है। यह उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के माध्यम से मतदाताओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उसी राजनीतिक दल को अपना समर्थन और वोट दें, जो गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने का लिखित वादा करे।
शिवगढ़ में हुआ भव्य स्वागत
रविवार सुबह लगभग 8 बजे शंकराचार्य की यात्रा तिलेण्डा स्थित जिलेदार ग्रीन्स मैरिज लॉन से रवाना होकर रानीखेड़ा और गूढ़ा होते हुए शिवगढ़ पहुंची। भवानीगढ़ गोल चौराहे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक श्याम सुंदर भारती, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय गौ-रक्षकों ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर जगद्गुरु का स्वागत किया। शिवगढ़ में कार्यक्रम के समापन के बाद शंकराचार्य की यह धर्मयुद्ध यात्रा बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ के लिए रवाना हो गई। इस अवसर पर सपा विधायक श्याम सुंदर भारती, जिला उपाध्यक्ष मुनेश्वर पासी, बछरावां विधानसभा अध्यक्ष बृजेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रकाश पटेल, देवतादीन पासवान, ओम प्रकाश रावत, और शिवगढ़ सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।






















