542 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात
रामनगर/बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार को बाराबंकी के रामनगर तहसील स्थित श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उपहार देंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सुबह 10:55 बजे: मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर आगमन होगा। आगमन के बाद: श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और काशी विश्वनाथ की तर्ज पर बन रहे महादेवा कॉरिडोर के निर्माण कार्य का अवलोकन करेंगे। निरीक्षण: श्रावण मास मेले की तैयारियों, श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का जायजा लेंगे। दोपहर 1:00 बजे: जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से वापस प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया जाएगा।
परियोजनाओं का विवरण:
कुल बजट: 542.41 करोड़ रुपये शिलान्यास: 409.09 करोड़ रुपये की लागत से 56 परियोजनाएं (इसमें महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास भी शामिल है)। लोकार्पण: 133.31 करोड़ रुपये की लागत से 28 परियोजनाएं। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र: 260.12 करोड़ रुपये की लागत से 46 परियोजनाएं (34 शिलान्यास और 12 लोकार्पण)। रामनगर विधानसभा क्षेत्र: 282.28 करोड़ रुपये की लागत से 36 परियोजनाएं (22 शिलान्यास और 14 लोकार्पण)।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। व्यवस्थाएं: कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग और बैरिकेडिंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समीक्षा: पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की अपील: जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।























