22 जुलाई तक भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा
नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज (20 जुलाई) देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर टूटी है। अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण भारी नुकसान हुआ है, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अब भी लापता हैं।
मौसम विभाग के ‘रेड अलर्ट’ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है: अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। श्रद्धालुओं को पहलगाम, बालटाल, नुनवान, चंदनवाड़ी और जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में ही रोक दिया गया है, आगे जाने की अनुमति नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर: छाए रहेंगे बादल, शाम को बढ़ेगी उमस
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे। पूर्वानुमान: हल्की से मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान: अधिकतम तापमान 32 से 34°C और न्यूनतम तापमान 25 से 27°C रहने की उम्मीद है। चेतावनी: शाम के समय उमस बढ़ने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश: पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में व्यापक वर्षा का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 जुलाई तक राज्य में आंधी-तूफान और बिजली गिरने के खतरे के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सोमवार को बिहार के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यहां 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को बेवजह बाहर न निकलने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा, अन्य राज्यों का हाल
- उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: पर्वतीय इलाकों में अत्यंत भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: इन क्षेत्रों में 20 से 22 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है।
- राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में 20 से 25 जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश की उम्मीद जताई है।
























