सामान्य डिब्बा नहीं, बल्कि ₹3.08 लाख में बुक था ‘सैलून कार’
नई दिल्ली, संवाददाता : सोशल मीडिया पर ‘हनीमून कोच’ के वायरल होने के बाद अब भारतीय रेलवे का एक और अनोखा वीडियो तेजी से सुखियों में बना हुआ है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर शेयर किए गए इस वीडियो में एक पुजारी ट्रेन के कोच के फर्श पर बैठकर विधि-विधान से पूजा-पाठ कराते नजर आ रहे हैं। उनके साथ कई अन्य श्रद्धालु भी श्वेत वस्त्रों में इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हैं। चलती ट्रेन के भीतर इस तरह की पूजा-अर्चना का वीडियो सामने आने के बाद नेटिजन्स (उपयोगकर्ताओं) ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या ट्रेन के भीतर ऐसे धार्मिक अनुष्ठान की अनुमति है? इस विवाद के बढ़ते ही नॉर्दर्न रेलवे ने आधिकारिक तौर पर सामने आकर वीडियो का पूरा सच उजागर किया है।
रेलवे ने सफाई देते हुए स्पष्ट किया कि यह पूजा किसी सामान्य यात्री डिब्बे में नहीं, बल्कि एक निजी तौर पर बुक की गई सैलून कार के अंदर हो रही थी। यह सैलून कार 8 जुलाई 2026 को IRCTC के माध्यम से बुक की गई थी। संबंधित पार्टी ने इस कमर्शियल बुकिंग के लिए रेलवे को ₹3,08,580 का अग्रिम भुगतान किया था। इस स्पेशल लग्जरी कोच को 10 जुलाई 2026 को नई दिल्ली (NDLS) से मुंबई (BDTS) जाने वाली ट्रेन संख्या 12926 पश्चिम एक्सप्रेस के साथ एकतरफा यात्रा के लिए जोड़ा गया था।
सुरक्षा से नहीं हुआ कोई समझौता: रेलवे
नॉर्दर्न रेलवे के अधिकारियों ने साफ किया कि वायरल वीडियो में दिख रहे पुजारी और श्रद्धालु निजी बुकिंग का हिस्सा थे। इस धार्मिक समारोह के दौरान ट्रेन संचालन, यात्रियों की सुरक्षा या रेलवे के नियमों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया। रेलवे ने बताया कि यात्रा के दौरान समय की पाबंदी और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया और इस घटना में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
क्या होती है सैलून कार
आम जनता के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि आखिर सैलून कार क्या है? नॉर्दर्न रेलवे ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इसकी परिभाषा साझा की है: सैलून कार दरअसल एक चलती-फिरती लग्जरी और प्राइवेट रेल कोच होती है। इसे मूल रूप से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और वीआईपी (VIP) यात्रियों के सफर के लिए डिज़ाइन किया गया है। सैलून कार में मिलने वाली मुख्य सुविधाएं: एयर कंडीशंड, बेडरूम किचनेट (छोटी रसोई), लिविंग और डाइनिंग एरिया, अटैच्ड वॉशरूम और आधुनिक सुख-सुविधाएं अब आम नागरिक भी IRCTC के जरिए तयशुदा कमर्शियल चार्ज देकर इसे अपनी निजी यात्रा या आयोजनों के लिए बुक कर सकते हैं, जैसा कि इस वायरल वीडियो के मामले में किया गया था।























