प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जताया गहरा दुख
वियतनाम : वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप पर भारतीय पर्यटकों की छुट्टियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शनिवार को 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के 4 सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। इस भीषण हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। भारतीय दूतावास ने मृतकों की पुष्टि करते हुए बताया कि इनमें 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के निवासी थे।
एन थोई पोर्ट लौटते समय हुआ हादसा
यह दुर्घटना फू क्वोक द्वीप के पास उस समय हुई, जब स्पीडबोट मे रुट द्वीप से एन थोई पोर्ट की ओर लौट रही थी। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे यह हादसा होन मे रुट नगोई द्वीप से लगभग 400 मीटर दूर हुआ। अचानक मौसम खराब होने के कारण तेज हवाएं चलने लगीं। समुद्र में उठी ऊंची लहरों के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
21 लोग सुरक्षित बचाए गए
हादसे के बाद स्थानीय नौकाओं, वियतनाम कोस्ट गार्ड और बॉर्डर गार्ड की टीमों ने बड़े जहाजों और हाई-स्पीड रेस्क्यू बोट की मदद से बड़ा अभियान चलाया। 17 भारतीय पर्यटक, 3 चालक दल के सदस्य और 1 अटेंडेंट सहित कुल 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकांश की हालत स्थिर है, जबकि दो पर्यटक अभी भी आईसीयू (ICU) में गंभीर स्थिति में हैं। भारतीय दूतावास के अनुसार, प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और शवों को भारत लाने की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं: तमिलनाडु: 10 नागरिक आंध्र प्रदेश: 3 नागरिक केरल: 2 नागरिक
भारत सरकार की त्वरित कार्रवाई
“हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में 24 घंटे संचालित होने वाले आपातकालीन कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। भारतीय अधिकारी वियतनामी प्रशासन के साथ मिलकर घायलों के उपचार और अन्य व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रहे हैं।” — भारतीय दूतावास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। वहीं, राहुल गांधी ने भी घटना पर शोक जताते हुए सरकार से प्रभावित भारतीयों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने की अपील की है।
























